
जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर एरिया में 111 सेव लाइफ नर्सिंग होम के संचालक डॉ ओपी आनंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने रात को सरायकेला थाना में पूछताछ की और सुबह में उनको सरायकेला स्थित जिला कोर्ट के सीजेएम की अदालत में सुबह करीब 7 बजे ही पेश किया, जहां से पुलिस ने उनको जेल भेज दिया. डॉ ओपी आनंद की गलती सिर्फ इतनी थी कि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा उनको बेवजह परेशान करने का उन्होंने विरोध किया था और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उनकी कार्रवाई का विरोध किया था. इसके बाद डॉ ओपी आनंद को पुलिस ने जेल भेज दिया. (नीचे देखे पूरी रिपोर्ट और वीडियो बयान)
डॉ ओपी आनंद को आदित्यपुर के सुनील झा की बेटी द्वारा इलाज में लापरवाही बरतते हुए उनके पिता की मौत का कारण बनने का आरोप लगाया था. इसको लेकर एक एफआइआर दर्ज करायी थी, जिसके मामले में उनको जेल भेजा गया है. हालांकि, उनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का अलग से मामला भी दर्ज है. डॉ ओपी आनंद को जेल भेजा गया, लेकिन उससे पहले भी वे वीडियो बयान अपने परिजनों के माध्यम से जारी किया है. उन्होंने कहा है कि जब वे वापस जेल से लौटेंगे तो अपनी जीत का ऐलान करेंगे. किसी भी हाल में वे झुकने वाले नहीं है. केस कने वाली लड़कियों के नाम भी उन्होंने अपने वीडियो संदेश में कहा है कि वे बेटियों का सम्मान करते है और जिन लोगों ने आरोप लगाया है, उसके आरोपों का भी वे जवाब देंगे. उन्होंने अफसोस जताया है कि सरकार में सरकार के खिलाफ आवाज उठाने और गलत चीजों का विरोध करने पर जेल भेजा जा रहा है. आपको बता दें कि 111 सेव लाइफ नर्सिंग होम के संचालक डॉ ओपी आनंद ने पिछले दिनों नर्सिंग होम में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के मौखिक आदेश के आलोक में सरायकेला-खरसावां जिले के सिविल सर्जन के नेतृत्व में पहुंची टीम का सहयोग नहीं किया था और बाद में प्रेस को बयान देकर स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिया था, जिसके बाद से ही नर्सिंग होम के खिलाफ जांच शुरू की गयी और अंतत: उनको जेल भेज दिया गया.












