
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला थाना अंतर्गत सरायकेला-खरसावां मुख्य मार्ग पर बीती रात हाईवा की चपेट में आकर एक मोटरसाइकिल सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गयी जबकि दूसरे युवक को गंभीर अवस्था में सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया. जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. मृतक युवक का नाम बिरजू लोहार बताया जाता है. उधर सड़क दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजा की मांग को लेकर सरायकेला-खरसावां मुख्य मार्ग जाम कर दिया. बताया जाता है कि खरसावां थाना अंतर्गत चिलगू पंचायत के बुड़ूगुट्टू निवासी बिरजू लोहार और विश्वजीत लोहार नामक युवक मोटरसाइकिल से खरसावां थाना क्षेत्र के बड़बिल गांव से रिश्तेदार के यहां से किसी समारोह में शिरकत कर वापस अपने गांव लौट रहे थे. इसी बीच खरसावां की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित हाईवा की चपेट में आने से बिरजू लोहार की दर्दनाक मौत हो गई जबकि विश्वजीत लोहार गंभीर रूप से घायल हो गया. उधर आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा सड़क जाम किए जाने की सूचना मिलते ही सरायकेला एवं खरसावां के पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी देर रात घटनास्थल पर पहुंचे. जहां आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर दाह संस्कार के लिए दस हजार रुपए आर्थिक सहयोग देने के बाद सरकार द्वारा दिए जाने वाले मुआवजा राशि दिलाने का भरोसा दिलाया गया. जिसके बाद देर रात लगभग 1:30 बजे सड़क जाम हटवाया गया.












