
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत शीतला चौक के पास जेबीवीएनएल के ठेकेदार नीतीश कुमार से सरोज मंडल नामक व्यक्ति ने रंगदारी की मांग की. रंगदारी नहीं देने पर सरोज ने नीतीश के पास से नकद रुपये लूट लिए और पिस्टल की बट से मारकर घायल कर दिया. इस मामले में नीतीश ने परसुडीह थाना में लिखित शिकायत की है. इधर मंगलवार को नीतीश सिटी एसपी से मिलने पहुंचा और अपनी जान की सुरक्षा की मांग की. नीतीश ने बताया कि वह जेबीवीएनएल के अंतर्गत अंडर ग्राउंड केबलिंग का ठेका लेता है. फिलहाल वह शीतला चौक से होली क्रॉस स्कूल तक अंडर ग्राउंड केबल का काम करा रहा है. इस दौरान रात करीब 9 बजे के बाद सरोज मंडल 8–10 लोगों के साथ कार में आया और रंगदारी की मांग करने लगा. विरोध करने वार उसने 20,300 रुपए लूट लिए और पिस्टल की बट से मारकर घायल कर दिया. जाते-जाते उसने रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी है.





