
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना अंतर्गत जोन नंबर 11 स्थित केनरा बैंक के पास रहने वाले पी रंगा स्वामी के बंद घर में लाखों की चोरी हो गई. फिलहाल पी रंगा स्वामी अपने परिवार के साथ चेन्नई में है. घटना की सूचना उन्हे पड़ोसियों ने फोन पर दी. सूचना पाकर पी रंगा स्वामी ने खडंगाझार निवासी अपने साला एस गणपति को फोन कर जानकारी दी. इधर एस गणपति मौके पर पहुंचा. उसने पाया कि घर में लगे ताले को काटकर चोरों ने घर का सारा सामान चुरा लिया है. पी रंगा स्वामी चेन्नई से शहर के लिए निकल चुके है. उनके आने के बाद ही चोरी किए गए सामानों का आंकलन किया जा सकता है. हालांकि पी रंगा स्वामी के अनुसार घर में लगभग 3 से 4 लाख के गहने ही थे. घर में रखा सारा नकद वे अपने साथ ले गए थे. मिली जानकारी के अनुसार पिछले माह ही पी रंगा स्वामी के माता पिता और दो भाई की कोरोना से मौत हो चुकी है. इसी सिलसिले में वे पिछले एक माह से चेन्नई में ही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.




