
जमशेदपुर : सरायकेला खरसांवा जिले के सरायकेला थाना अंतर्गत भोलाडीह के पास कार और ऑटो में हुए टक्कर के बाद चार लोगों की मौत हो गई थी. इधर नौ घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया था जहां से पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया गया. टीएमएच में इलाज के दौरान दो और की मौत हो गई. मृतकों में आरती लोहार समेत एक और शामिल है. इधर घटना में मृतक ऑटो चालक रौशन, विद्यांश लोहार और सोनू लोहार के शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है. वहीं घटना में घायल अन्य लोगों का इलाज एमजीएम और टीएमएच में चल रहा है. आज हुई मौतों को मिलाकर कुल पांच मौतें हो चुकी है. बता दें कि भोलाडीह के सरायकेला के गोविंदपुर से समारोह में शामिल होकर वापस आने के क्रम में रास्ते में सामने से एक तेज़ रफ्तार कार ने ओवरटेक करने के दौरान उन्हें सामने से टक्कर मार दी. ऑटो सड़क किनारे जा गिरी और चालक रौशन सड़क पर गिर गया. पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. वहीं कार चालक की भी मौके पर मौत हो गई. इधर घटना में घायल अमित लोहार, आरती लोहार, गुलाब लोहार, बीबी शेख लोहार, राधा लोहार, रवि लोहार, कूची लोहार, पूजा लोहार शकुंतला लोहार शामिल है. इधर सभी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया जहां से बेहतर इलाज के लिए शकुंतला लोहार, आरती लोहार, पूजा लोहार, राधा लोहार और गुलाब लोहार को टी एम एच भेज दिया गया था.





