
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर स्थित श्रीनाथ रॉक गार्डन में स्थानीय निवासी कुलदीप सोय को नंगा कर मारपीट करने और लापता कर देने के मामले में कुलदीप की पत्नी पिंकी कालुइंडिया के बयान पर थाने में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. इस मामले में पिंकी ने राजीव रंजन सिंह दीपक कुमार, पंकज कुमार चौबे, विष्णू प्रसाद मंडल, सुभोजीत नंदी, सुरेश सिंह और सौकत कर्मकार के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने आरोपी राजीव रंजन सिंह और दीपक कुमार को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं इसी मामले में दीपक कुमार ने भी अज्ञात 100 लोगों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. बता दे कि बीते दिनों कुलदीप को सोसाइटी के गार्ड ने शौच करने का आरोप लगाते हुए पकड़ लिया था और उसे नंगा कर उसकी पिटाई कर दी थी. उन्होने इसका वीडियो भी बनाया और वायरल कर दिया. इधर जब कुलदीप घर नहीं आया तो घरवाले उसे खोजने निकले पर उसका कोई अता-पता नहीं चला. बाद में यह जानकारी मिली कि गार्ड ने उसके साथ मारपीट की थी तब से वह लापता है. गुस्साए ग्रामिणों ने सोसाइटी में घुसकर जमकर हंगामा किया और गार्ड की पिटाई कर दी. फिलहाल अभी तक कुलदीप का पता नहीं चल पाया है.












