
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के उईनाला गांव निवासी कांग्रेसी नेता प्रदीप मिश्रा के घर से गुरुवार की दोपहर करीब 12:00 बजे दो अज्ञात लोग सोना चमकाने की बात कह कर तीन लाख के गहने ले उड़े। मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेसी नेता प्रदीप मिश्रा की पत्नी प्रभाती मिश्रा से उक्त दोनों व्यक्तियों द्वारा गहना चमकाने की बात कह कर उनसे सोने की जेवरात की मांग की। उक्त लोगों ने श्रीमती मिश्रा से कहा कि वह दोनों कंपनी के पाउडर और लिक्विड से सोना चमकाने का काम करते हैं। उन दोनों की बातों में आकर श्रीमती मिश्रा ने घर से सोने का गहना निकाल कर उक्त लोगों को साफ करने के लिए दे दिया। इसी दौरान प्रदीप मिश्रा भी घर पहुंचे। उनकी तबीयत बिगड़ने पर उनकी पत्नी का ध्यान उनकी ओर गया। परिजनों का ध्यान बंटता देख दोनों उचक्के सारे सोने के जेवरात लेकर घर से फरार हो गए। समाचार लिखे जाने तक परिजनों ने इसकी सूचना बहरागोड़ा थाना को नहीं दी है। विदित हो कि बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में विगत कई माह से अज्ञात लोगों द्वारा कई चोरी और लूट की घटनाएं की गई है, परंतु अब तक पुलिस ने किसी भी मामले का उद्भेदन करने में असफल रही है।












