
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र से दो नाबालिग का अपहरण कर गोवा में बेचने का प्रयास किया जा रहा था. इस मामले में पुलिस ने छापेमारी कर खड़गपुर स्टेशन से दो युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में टेल्को बारीनगर निवासी राजा खान और मो सहाबुद्दीन शामिल है. पुलिस ने दोनों नाबालिग को बरामद किया है. गुरुवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और नाबालिग को मेडिकल के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया. दोनो नाबालिग ने अपने परिजनों को बताया कि दोनो युवकों ने उन्हे दलमा में घूमने की बात कही और अपने साथ ले गए. पहले तो उनका मोबाइल छीनकर सिम तोड़ दिया. जमशेदपुर में बस में बिठाकर धनबाद ले गए जहां कुछ दिन रखने के बाद उसे अन्य जगहों पर ले जाया गया. इस बीच उसे नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया गया. दोनो को चिकन खिलाने के बहाने प्रतिबंधित मांस खिलाने का भी प्रयास किया गया. साथ ही धर्म परिवर्तन करने का भी दबाओ बनाया गया. दोनो को कई जगह भी ले जाया गया. इसी बीच उन्हे गोवा ले जाया जा रहा था जहां पुलिस ने खड़गपुर स्टेशन से दोनो को बरामद कर लिया. वहीं परिजनों ने बताया कि 24 सितंबर को दोनो घर से घूमने की बात कहकर निकली थी फिर वापस नहीं आई. इसके बाद 26 सितंबर को उन्होंने टेल्को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद बेटी ने आरोपियों के मोबाइल से फोन कर आधार कार्ड मांगा पर जब तक वो कुछ बात करती तब तक मोबाइल छीन लिया गया. इधर सूचना पाकर हिंदू उत्सव समिति केंद्रीय अध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह, सीजीपीसी के प्रधान गुरमुख सिंह मुखे के अलावा समाज के अन्य लोग एमजीएम अस्पताल भी पहुंचे.













