
रांची : झारखंड की राजधानी रांची में नामकुम थाना क्षेत्र के बेल बगान स्थित लखानी अपार्टमेंट में बिल्डर संजय लखानी की दो बेटियों को उनके कमरे में मृत पाया गया. यह घटना ने आसपास के लोगों को झकझोर दिया. मृतकों में संजय लखानी की बड़ी बेटी शीतल और छोटी बेटी मन्या शामिल है. जानकारी के मुताबिक शीतल मेडिका अस्पताल में एचआर के पद पर कार्रत थी और दो महीने पहले ही उसका गौशाला रोड स्थित मनिन्दर सिंह के साथ इंगेजमेंट हुआ था. मनिंदर सिंह जमशेदपुर के इलेक्ट्रॉनिक और होटल कारोबारी के रिश्तेदार है. घटनास्थल से मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात शीतल और उसकी छोटी बहन मान्या ने बर्थ डे पार्टी करने के लिए मनिन्दर सिंह को अपने घर पर बुलाया था. रात 12 बजे के बाद पार्टी की गयी, पार्टी में शामिल होने के बाद मनिन्दर सिंह अपने घर चला गया. रात एक बजे शीतल ने मनिन्दर को फोन कर घर पहुंचने की जानकारी ली थी. उसके बाद दोनों बहने एक साथ अपने कमरे में सो गयीं. सुबह देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर घर वालों ने उन्हें जगाने के लिए आवाज दी लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, जिससे परिजन घबरा गये. बाद में इसकी जानकारी आसपास के अलावा नामकुम थाना पुलिस को दी गयी. उसके बाद दरवाला खोला गया तब परिजनों ने देखा कि दोनों बिस्तर पर बेसुध पड़ी हुई हैं. उसके बाद आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले गये जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत बता दिया. सगी बहनों का शव मिलने की खबर सुनकर ग्रामीण एसपी नौशाद आलम जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों मृत बहनों के पिता संजय लखानी से मामले की जानकारी ली. पुलिस इस मामले में मेडिका अस्पताल प्रबंधन से भी जानकारी लेने की कोशिश कर रही है. पुलिस इस बात पर तफ्तीश कर रही है कि जब रात में सभी मिलकर एक साथ पार्टी किये, उसके बाद शीतल का होने वाला पति मनिन्दर सिंह के घर जाने के बाद ऐसी क्या बात हो गयी कि दोनों बहनों की जान एक साथ चली गयी. ग्रामीण एसपी ने कहा कि दोनों की मौत दम घुटने से हुई या फिर कुछ खाने से हुई है इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पायेगा. उसके बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.






