
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत सूर्य मंदिर परिसर स्थित सरकार की ओर से बनाये गये पार्क में किये गये अवैध वसूली को लेकर जिला प्रशासन ने सूर्य मंदिर कमेटी और पार्क समिति पर अवैध रूप से पार्क में प्रवेश शुल्क वसूलने का एफआइआर दर्ज कराया है. इस संबंध में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सिदगोड़ा थाना में समिति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. मामला जिला खेल पदाधिकारी सह जिला पर्यटन पदाधिकारी के बयान पर दर्ज किया गया है. शिकायत में बताया गया है कि बिना प्रशासन की अनुमति के पार्क को शिफ्ट किया गया है और पार्क में प्रवेश के लिए शुल्क लिया जा रहा है. इसको लेकर कई बार शिकायत भी की गई थी. जांच में मामले को सही पाया गया जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. बताया जाता है कि पार्क और सूर्य मंदिर समिति में सरकार की ओर से बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य कराया गया है. इस निर्माण कार्य के एवज में सुविधा का उपयोग करने को लेकर सरकार की ओर से किसी तरह का कोई फीस निर्धारित नहीं किया गया है, लेकिन सरकारी सामानों के बदले सूर्य मंदिर कमेटी पैसे की वसूली करता था. इसको लेकर जांच की गयी तो सही पाया गया और एफआइआर दायर किया गया है. इस मसले को राज्य के पूर्व मंत्री और जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने विधानसभा में उठाया था, जिसके बाद सरकार ने लिखित तौर पर जवाब दिया था कि गलत तरीके से पैसे की वसूली की जांच होगी और कार्रवाई होगी. उसके आधार पर ही यह कार्रवाई की गयी. अब इसको लेकर सूर्य मंदिर कमेटी के लोगों पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है. इस मामले में की गयी लिखित शिकायत में यह भी कहा गया है कि गलत तरीके से पार्क के सामानों को भी हटा दिया गया था, जिस कारण सरकारी राजस्व को नुकसान हुआ है. इस मसले को लेकर अब तक सूर्य मंदिर कमेटी के लोगों की ओर से किसी तरह की कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है.











