
चाकुलिया : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के स्वर्गछिड़ा गांव में चाकुलिया थाना क्षेत्र के नागाबाबा कॉलोनी निवासी रोहित दास (23) ने आत्महत्या कर ली है. घटना की सूचना पाकर परिजनों का रो-रोकर बूरा हाल है. मृतक की मां मंटू दास ने बताया कि उसके पुत्र रोहित दास काम करने की बात कहकर अपने मुंह बोली बहन के घर स्वर्गछिड़ा गांव गया था. वह वहां कुछ दिनों से रह रहा था. रोहित दास द्वारा आत्महत्या करने की सूचना पाकर चाकुलिया से उसके मामा, भाई और कुछ अन्य लोग एम्बुलेंस लेकर शव को घर लाने के लिए वहां पहुंचे. शव को एम्बुलेंस में लेकर जैसे ही स्वर्गछिड़ा गांव से परिजन निकले वैसे ही गांव के ग्रामीण रोहित दास की पोस्टमार्टम कराने की मांग को लेकर एंबुलेंस को घेर लिया. ग्रामीणों का कहना है कि शव की पोस्टमार्टम कराने से मामला साफ होगा कि उसने आत्महत्या की है या उसकी हत्या हुई है. घटना की सूचना पाकर धालभूमगढ़ पुलिस घटनास्थल पहुंचकर मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम कराने में जुटी हुई है. समाचार लिखे जाने तक शव गांव में ही था और पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है.


















