
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे बोड़ाम थाना अंतर्गत लवजोडा स्थित प्रसिद्ध हाथीखेदा मंदिर के पुजारी कार्तिक सिंह के साथ अपराधियों ने मारपीट की. इस दौरान अपराधियों ने हवाई फायरिंग भी की. घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी फरार होने लगे. हालांकि इस बीच स्थानीय लोगों ने एक अपराधी को पकड़ लिया. इधर ग्रामीणों ने भुला मोड़ के पास से तीन कार सवार चार लोगों समेत छह लोगों को पकड़ा. इधर सूचना पाकर बोड़ाम थाना प्रभारी शंकर लकड़ा, सर्किल इंस्पेक्टर हीरालाल महतो और डीएसपी पटमदा सुमित कुमार भी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है. (नीचे भी पढ़ें)

मिली जानकारी के अनुसार छह कार सवार लगभग 30 की संख्या में युवक हाथीखेदा मंदिर गए थे. मंदिर में पूजा करने के बाद उनमें से एक युवक मंदिर के पुजारी कार्तिक सिंह के घर के बाहर पेशाब करने लगा. कार्तिक सिंह ने जब उसे मना किया तो अपराधी ने पहले उनके साथ मारपीट की फिर हथियार निकालकर फायरिंग कर दी. यह देख आसपास के ग्रामीणों ने सभी को घेर लिया. इधर मामले की सूचना मंदिर के मुख्य पुजारी गिरिजा प्रसाद सिंह सरदार को दी गई. मुख्य पुजारी ने इस घटना को लेकर खेद प्रकट किया है. कार्तिक सिंह की स्थानीय नर्सिंग होम में उपचार कराया गया है. सभी अपराधी मानगो के बताए जा रहे है.







