जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो दाईगुट्टू में टीओपी से कुछ दूरी पर ज्वेलरी दुकानदार पर की गयी फायरिंग के मामले में पुलिस ने अपराधियों की पहचान कर ली है. पम्मी ज्वेलर्स के मालिक अमित वर्मा ने बताया कि कुछ दिनों पहले उनके दुकान के सामने अड्डाबाजी को रोका था, जिस कारण कुछ युवक उनको धमकाकर गये थे. युवकों ने रंगदारी भी मांगी थी, जिसको देने से जब उन्होंने इनकार किया था तो उनको धमकाया गया था, जिसके बदला स्वरुप इस घटना को अंजाम दिया गया.

बाल बाल वह दुकानदार इस घटना में बच गया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज को देखने में लगी हुई है, जिसके जरिये पुलिस अपराधियों तक पहुंच सकेगी. कारोबारी ने बताया कि उन पर हमला होने वाला है, यह अंदेशा लगा था, जिस कारण वह काफी सतर्क था. जैसे ही उन्होंने युवक को पिस्तौल तानते देखा, वैसे ही वह नीचे झुक गया और अपराधियों पर टूट पड़ा, जिसके बाद अपराधी वहां से भागे. पुलिस ने खोखा और छर्रा बरामद किया है. पुलिस मामले की सघन जांच कर रही है.





