
रांची : झारखंड के आदिवासी समाज में फिल्म स्टार राखी सावंत को लेकर काफी गुस्सा देखा जा रहा है. झारखंड की राजधानी रांची के एससी-एसटी थाना में राखी सावंत के खिलाफ केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की ने एक एपआइआर दर्ज कराया है. राखी सावंत पर यह आरोप है कि उन्होंने आदिवासी महिलाओं को मजाक उड़ाया है. बताया जाता है कि राखी सावंत ने पिछले दिनों एक वीडियो आदिवासी लुक में डाला था, जिसमें राखी सावंत वीडियो में अश्लील हरकत करते दिख रही है. राखी सावंत के इसी हरकत को लेकर आदिवासी समाज में काफी गुस्सा देखा जा रहा है. अजय तिर्की ने कहा कि अगर कोई भी आदिवासी समाज का मजाक उड़ायेगा तो समाज उसके खिलाफ केस दर्ज करेगा. उन्होंने कहा कि राखी सावंत को हमारे समाज के लोगों और महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए. जब तक राखी सावंत माफी नहीं मांगती है तब तक विरोध चलेगा. उन्होंने अपील की कि केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा इस मामले में हस्तक्षेप कर राखी सावंत के खिलाफ कार्रवाई करें. आदिवासी समाज का कहना है कि उनके समाज में महिलाओं का काफी सम्मान है, लेकिन राखी सावंत के इस हरकत से आदिवासी महिलाओं के सम्मान को गहरा धक्का लगा है, जिससे आदिवासी समाज आहत है और काफी गुस्से में है.















