सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के एनएच 33 नारगाडीह में स्पांज आयरन का कटिंग कर उसके बदले स्क्रैप भरकर गाड़ियों को भेजने के खेल का खुलासा हुआ है. सिर्फ आयरन और स्पांज आयरन ही नहीं कोयला की भी कटिंग का खुलासा हो गया है. बड़े पैमाने पर कोयला, आयरन ओर और स्क्रैप के साथ गाड़ियों को जब्त किया गया है. चांडिल एरिया के डीएसपी संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में छापामारी की गयी है. बताया जाता है कि वहां कंपनियों के लिए ढुलाई की जाने वाली कोयला, आयरन ओर और स्क्रैप लोहा के साथ-साथ स्पांज आयरन का सही माल लाया जाता था, जिसकी कटिंग कर उसके बदले मिलावटी घटिया सामान डाल दिया जाता था. इसके बाद वहां से ऊंचे दाम में सही माल को बेच दिया जाता था और कंपनियों को वहां से घटिया माल भेज दिया जाता था. यह पूरा खेल पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की नाक के नीचे चलाया जाता था. चांडिल थाना प्रभारी को कई बार जांच करने की शिकायत की गयी, लेकिन किसी तरह का कोई कार्रवाई नहीं की गयी. बताया जाता है कि इस काम में राजू और उसके सहयोगी प्रदीप गिरी का हाथ है. लाखों का माल वहां से पकड़ा गया है. डीएसपी संजय कुमार सिंह ने कहा है कि मामले की अभी जांच चल रही है, जिस पर ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता है.


















