
चरणजीत सिंह / जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना इलाके में शनिवार की सुबह प्रमाथनगर स्थित एक अर्धनिर्मित फ्लैट की छह मंजिला से गिरकर मजदूर सुकुमार कर्मकार (26) की मौत एमजीएम अस्पताल में हो गई थी. उस मामले में रविवार को मृतक के भाई पलासबनी कालाझोर निवासी अजय कर्मकार के बयान पर सोनारी के बिल्डर केदार प्रजापति के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है. मामले में बताया गया की भाई फ्लैट में मजदूरी करता था. वहां किसी प्रकार की सुरक्षा और अन्य संसाधन नहीं थे, जिस कारण उसकी मौत हो गई. पुलिस कार्रवाई कर रही है. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
बिष्टुपुर में सक्रिय हैं बाइक चोर, निको और जुबली पार्क से दो वाहन चोरी
बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में वाहन चोर सक्रिय है. पुलिस एक मामले का खुलासा करती है तो दूसरा उनके सिर चढ़ जाता है. हालिया दिनों दो बाइक चोरी के मामले थाना में दर्ज किये गए हैं. पहला मामला परसुडीह मकदमपुर शांतिनगर निवासी रंजन सिन्हा ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराया है. उनकी बाइक संख्या जेएच05क्यू – 8043 की चोरी 30 जून को निको पार्क के पास से हो गई. वहीं दूसरे मामले में भुइयांडीह कल्याण नगर निवासी पंकज प्रसाद की बाइक संख्या जेएच05बीएफ-7365 की चोरी एक जुलाई को जुबली पार्क से हो गई है. (अगली खबर नीचे पढ़ें)
टिनप्लेट काली मंदिर में पूजा करने आई महिला की सोने की चेन चोरी
गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट काली मंदिर के पास से सिदगोड़ा पदमा रोड 10 नंबर बस्ती निवासी महिला अर्चना सिंह के गले से सोने का चेन चोरी हो गया. वह मंदिर में शनिवार को पूजा करने आई थी. तभी भीड़ में किसी ने उनका चेन पर हाथ साफ कर दिया. महिला के बयान पर मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.






