आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना में सोमवार को पुलिस प्रशासन की कार्यशैली को लेकर महिला कांग्रेस नेत्री अनामिका सरकार और मीरा तिवारी ने थाना पर शांतिपूर्ण धरना दिया. बाद में थाना प्रभारी को 8 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा गया. बता दें कि ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह के साले और समस्तीपुर सिंधिया पंचायत के पूर्व उप मुखिया सह संवेदक कन्हैया सिंह की हत्या को लेकर कांग्रेस पार्टी के नेता आंदोलनरत हैं. एक ओर जहां रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने दिन के 2 बजे कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठों के साथ बैठक कर पुलिस प्रशासन के विरुद्ध पदयात्रा की कर 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. वहीं आज वरिष्ठ कांग्रेसी नेत्री सह समाजसेविका अनामिका सरकार ने इस हत्याकांड पर दुख प्रकट करते हुए हत्याकांड में शामिल अपराधियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने के खिलाफ आदित्यपुर थाना में धरना दी. सौंपे गए ज्ञापन में मृतक कन्हैया के परिजनों को सुरक्षा प्रदान करने, मुआवजा स्वरूप सरकारी नौकरी देने, हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी कर उसे कड़ी सजा दिलाने की मांग शामिल है. समाजसेविका अनामिका सरकार ने कहा है कि पुलिस प्रशासन केवल अवैध कमाई का जरिया बना रखे हैं. जिसका नतीजा यह हुआ कि विगत कई दिनों से सरेआम हत्या का सिलसिला जारी है. समाजसेविका अनामिका सरकार ने कहा कि हत्याकांड का खुलासा करने की मांग की जाएगी. अन्यथा उग्र आंदोलन करने पर मजबूर हो जाऊंगी, जिसका जिम्मेवार संबंधित पदाधिकारी होंगे.






