जसीडीह (देवघर) : जसीडीह थाना क्षेत्र के रोहिणी स्थित पावर सब स्टेशन के ग्रिड में डकैती की घटना का देवघर पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है. इसके साथ ही पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले 7 बदमाशों को धनबाद के सिंदरी से गिरफ्तार किया है, जिनके पास से एक कार और एक आइफोन समेत छह मोबाइल फोन बरामद किया है. बता दें कि बीते 2 दिसंबर की करीब आधी रात को रोहिणी स्थित पावर सब स्टेशन के ग्रिड से 30-35 की संख्या में नकाबपोश बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था, जहां से उन लोगों ने कॉपर वायर समेत ट्रांसफॉर्मर ऑयल और कई कीमती सामान लूट लिये थे. लूटे गये सभी सामान की कीमत करीब 42 लाख रुपये आंकी गई थी. (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
इस बाबत जानकारी देते हुए देवघर पुलिस ने बताया है कि घटना के उद्भेदन को लेकर लगातार पुलिस प्रयास में थी और फिर सुराग मिलने के साथ ही एक टीम धनबाद के लिए रवाना हुई. वहां के सिंदरी में छापेमारी कर देवघर पुलिस ने 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक घटना को अंजाम देने में सौरव मंडल गणेश कुमार रजक, नवीन कुमार, सनी पासवान, वसीम शेख, नैयर आलम और विजय शंकर शामिल थे. पुलिस के मुताबिक पकड़े गए बदमाश विजय शंकर की एक राजनितिक दल से सम्बन्ध होने की बात कही जा रही है, जिसका अनुसंधान जारी है. वहीं पुलिस गिरफ्तार बदमाशों के कबूलनामे के आधार पर वारदात को अंजाम देने मे शामिल अन्य फरार आरोपियों को दबोचने के लिए लगातार दबिश डाल रही है.





