धनबाद: धनबाद के बरवाअड्डा थाना अंतर्गत मंदाकिनी उच्च विद्यालय के निकट सब्जी मंडी में शनिवार देर रात आग लगने से एक दर्जन से अधिक सब्जी विक्रेताओं की झोपड़ियां जलकर राख हो गईं. दुकानों में रखी हजारों रुपये की सब्जियां भी जल गईं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.बताया गया कि शनिवार रात सब्जी विक्रेता अपनी-अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे.इसी दौरान मंडी की झोपड़ियों में अचानक आग लग गई. झोपड़ियां सूखी होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते मंडी के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया. स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि मंडी के पास स्थित खाली मैदान में रात के समय असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है. (नीचे भी पढ़े)
दुकानदारों ने आशंका जताई कि इन्हीं तत्वों ने आग लगाई है.उनका कहना है कि इस तरह की घटना पहले भी होती रही है और हर बार गरीब सब्जी विक्रेताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. दुकानदारों ने पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है. उनका कहना है कि रात में निगरानी नहीं होने के कारण शरारती तत्वों का मनोबल बढ़ रहा है.घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को जानकारी दी. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इससे आसपास की अन्य दुकानों और मकानों तक आग फैलने से बच गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगाने वालों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है.




