धनबाद: धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ढांगी पहाड़ी की तलहट्टी में 11 सितंबर को मिले युवती के सिर कटे शव के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. प्रेम विवाह से असंतुष्ट ससुर द्वारा रची गई थी, इस जघन्य साजिश में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है. यह जानकरी सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने सोमवार को बैंक मोड़ थाना में प्रेसवार्ता कर दी .उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सिंदरी एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से चार आरोपियों को दबोचा.गिरफ्तार आरोपियों में जयराम रवानी, किशोर महतो, आलोमनी देवी और राम प्रसाद रजवार शामिल है.(नीचे भी पढ़े)
पुलिस जांच के अनुसार मृतका ने कृष रवानी से प्रेम विवाह किया था. इस शादी से कृष के पिता संतोष रवानी बेहद नाराज थे. बहू को रास्ते से हटाने के लिए संतोष रवानी ने साजिश रची और सहयोगियों की मदद से युवती की धारदार हथियार से गर्दन काटकर हत्या कर दी. साक्ष्य छिपाने की नीयत से धड़ और सिर को अलग-अलग स्थानों पर फेंका गया था.घटनास्थल और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया बड़ा धारदार छुरा, मृतका की चप्पल, पूजा सामग्री और तीन मोबाइल फोन जब्त किया हैं.मृतका 9 सितंबर से लापता थी जिसकी जानकारी उसके पति कृष रवानी ने ससुर संदीप रवानी को फोन पर दी थी. 11 सितंबर को शव मिलने के बाद पिता के आवेदन पर बलियापुर थाना में कांड संख्या 155/2026 दर्ज किया गया था. मुख्य साजिशकर्ता ससुर संतोष रवानी और मौसी समेत अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है.




