
जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र के कबीर मेमोरियल स्कूल के पास रहने वाली महिला संजीदा खातून के साथ गुरुवार की दोपहर ठगी हुई है। बर्तन की सफाई करने के नाम पर घर पहुंचे दो बदमाशों ने सफाई के लिए संजीदा खातून के कान की रिंग और हाथ से अंगूठी खुद उतारी और इसे साफ करने के बाद एक छोटी पॉलिथीन में कुछ रखकर संजीदा खातून को दिया। बदमाशों ने कहा कि 5 मिनट बाद इसको खोलिएगा। इसको फ्रिज में रख दीजिए। संजीदा खातून ने उनकी बात मानते हुए दोनों पॉलीथिन फ्रिज में रख दी और 5 मिनट बाद जब देखा तो उसमें से पत्थर निकले। दोनों बदमाश कान की रिंग और अंगूठी लेकर फरार हो गए थे। संजीदा खातून ने बताया कि एक बदमाश पैदल आया था। फिर उसने फोन किया तो दूसरा बदमाश स्कूटी से आया था। दोनों ने पहले घर के बर्तन मांगे और उन्हें पाउडर से चमका दिया। उसके बाद कहा कि सोने चांदी के जेवरात लाओ। उसे भी साफ कर देते हैं। (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
संजीदा खातून ने कहा कि उनके पास सोने चांदी के कोई जेवरात नहीं है। इस पर बदमाशों ने संजीदा खातून के कान में सोने की रिंग और हाथ में अंगूठी देख ली और उसे उतारने को कहा। संजीदा खातून ने कहा कि वह इसे नहीं उतार पाएंगे। इस पर दोनों बदमाशों ने खुद ही संजीदा के कान से रिंग उतारी और उंगली में क्रीम लगाकर अंगूठी उतारी। घटना को अंजाम देने के बाद जब दोनों भाग गए तो संजीदा खातून को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने मोहल्ले के लोगों को बताया। मोहल्ले के लोगों ने काफी तलाश की लेकिन दोनों बदमाश नहीं मिले। संजीदा खातून ने बताया कि कान की रिंग और अंगूठी की कीमत लगभग ₹70000 के आसपास है। बाद में संजीदा खातून मामले की शिकायत लेकर आजाद नगर थाना पहुंची। जहां से उन्हें यह कहकर वापस कर दिया गया कि रात को 8:00 बजे एफआइआर लिखाने आना। इसके बाद रात तकरीबन 8:00 बजे संजीदा खातून आजाद नगर थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।





