बहरागोड़ा : वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देशानुसार बड़ा दिन, नव वर्ष और मकर पर्व को देखते हुए बहरागोड़ा थाना प्रभारी संतन तिवारी के नेतृत्व में रविवार को पुलिस बल के द्वारा अवैध शराब भट्ठी के खिलाफ विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। पुलिस ने बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के वर्णिपाल गांव से सटे स्वर्णरेखा नदी घाट पर जाकर तीन अवैध देशी शराब के भट्ठी को ध्वत किया। साथ ही करीब 300 किलो जावा महुवा नष्ट कर दिया गया। (नीचे भी पढ़ें)

थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि वर्णीपाल स्वर्णरेखा नदी घाट पर अज्ञात लोगों द्वारा अवैध रूप से तीन देशी शराब भट्टी संचालित किया जा रहा है जिसपर पुलिस ने आज छापामारी कर तीनों देशी शराब भट्ठी को ध्वस्त कर दिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस से बचने के लिए भट्ठी संचालकों द्वारा नदी में बालू में गढ़ा कर प्लास्टिक के डब्बा में जावा महुवा को छुपा कर रखा गया था,जिसे पुलिस बल ने गड्डे से बाहर निकाल कर नष्ट कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस बल को दूर से ही देखकर भट्ठी संचालक ओड़िशा राज्य की तरफ भाग निकले। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस जांच पड़ताल कर भट्ठी संचालक के नाम -पता लगाकर उनके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रूप से देशी शराब भट्टी के संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।














