
रांची : देश में होने वाले राज्यसभा चुनाव के दौरान झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर उठापटक शुरू हो चुकी है. इसको लेकर झामुमो और कांग्रेस के पहले उम्मीदवार गुरुजी यानी शिबू सोरेन को बनाया गया है, जिनका राज्यसभा में चुनाव में चुना जाना तय माना जा रहा है. झारखंड में दो सीटों पर चुनाव होना है. पहले सीट में शिबू सोरेन का चुना जाना तय है जबकि दूसरी सीट के लिए भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है. भाजपा ने अपने प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को प्रत्याशी बनाया है. दीपक प्रकाश के पक्ष में लामबंदी शुरू हो चुकी है. दीपक प्रकाश को जीताने के लिए भाजपा ने अपनी एड़ी चोटी एक कर दी है. बाबूलाल मरांडी को मिलाकर भाजपा के पास कुल 26 सीटें है. लेकिन बाबूलाल मरांडी को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पायी है कि सदन में उनकी भूमिका क्या होगी. ऐसे में भाजपा के पास अब तक 25 ही विधायक है, एक बाबूलाल मरांडी को मंजूरी मिलती है तो 26 विधायक हो जायेंगे. वहीं झामुमो के पास अकेले 29 सीटें है जबकि कांग्रेस के पास 18 विधायक है, जिसमें दो विधायक प्रदीप यादव और बंधु तिर्की को लेकर भी संशय है. इसको लेकर किसी तरह की मंजूरी नहीं दी गयी है.

कुल 81 विधानसभा सीट पर अगर प्रदीप यादव और बंधु तिर्की को मिला लिया जाता है तो कुल 47 मत कांग्रेस और झामुमो के पास है, जो जीत का जादूई आंकड़ा 41 को पार कर जाता है. अगर भाजपा के दीपक प्रकाश को जीतना होगा तो उनको 25 विधायक प्लस बाबूलाल मरांडी का वोट हासिल होगा तो कुल 26 मत होगा. सहयोगी आजसू के दो विधायक को मिला लिया जाये तो भी 28 विधायक ही होते है. वैसे निर्दलीय दो विधायक है, जिसमें सरयू राय और अमित यादव शामिल है. वैसे सरयू राय ने कहा है कि वे अब तक फैसला नहीं लिये है, लेकिन वे चाहते है कि पक्ष से एक और विपक्ष से एक सांसद राज्यसभा में झारखंड से जाये. वैसे विपक्ष मजबूत स्थिति में है क्योंकि उनके पास राजद के एक विधायक का समर्थन भी है और माले और एनसीपी के भी दो विधायकों का समर्थन प्राप्त है. अगर सरयू राय और अमित यादव साथ नहीं भी दे तो झामुमो व कांग्रेस के गठबंधन को कुल 49 विधायक का समर्थन प्राप्त हो जायेगा, जिससे सत्ता पक्ष की राहें आसान है. आसान राह देखते हुए कांग्रेस भी अपना प्रत्याशी घोषित कर देना चाहती है. इसको लेकर कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह दावेदार है जबकि कांग्रेस के दिग्गज नेता फुरकान अंसारी भी लाबिंग कर रहे है. चूंकि, फुरकान अंसारी के बेटे इरफान अंसारी भी बगावती तेवर में है, इस कारण कांग्रेस ज्यादा रिस्क लेने की स्थिति में नहीं है. मध्यप्रदेश में बगावत के हालात को देखते हुए कांग्रेस फूंक-फूंककर कदम रख रही है. हालांकि, अब तक टिकटों की घोषणा नहीं हुई है, जिस कारण वेट एंच वाच की स्थिति है. वैसे आरपीएन सिंह और फुरकान अंसारी का ही नाम सामने चल रहा है.
















