
रांची : झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में चल रहे उठापटक के बीच नये नाम की घोषणा कांग्रेस ने कर दी. रामगढ़ में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रहे और कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता शहजादा अनवर को कांग्रेस ने झारखंड के राज्यसभा चुनाव में अधीकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया है. तीसरे प्रत्याशी के रुप में शहजादा का नाम सामने आया है. दो सीटों पर यहां राज्यसभा का चुनाव होना है. पहले कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह और फुरकान अंसारी का नाम चल रहा था. इसको लेकर रस्साकसी भी चल रही थी. कांग्रेस आलाकमान ने इस रस्साकसी को देखते हुए गैर विवादित नाम के तौर पर शहजादा अनवर को प्रत्याशी बनाने की घोषणा कर दी. उनके नाम की घोषणा से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी कांग्रेस आलाकमान ने बातचीत की है. शहजादा अनवर पहले भी रामगढ़ से विधानसभा चुनाव लड़ चुके है और उनको हार का मुंह देखना पड़ा है. नामांकन की अंतिम दिन के ठीक एक दिन पहले कांग्रेस ने यह सूची जारी की है. पहले से यहां से पहले प्रत्याशी के तौर पर झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष गुरुजी शिबू सोरेन को प्रत्याशी बनाया जा चुका है जबकि भाजपा से दीपक प्रकाश प्रत्याशी है. कांग्रेस की सूची कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने जारी की, जिसमें झारखंड के अलावा महाराष्ट्र से राजीव सतव, मेघालय से केनेडी कोरनेलियस खयिम, राजस्थान से केसी वेणुगोपाल और नीरज दांगी जबकि मध्यप्रदेश से दिग्विजय सिंह और फुल सिंह बरिया और छत्तीसगड़ से केटीएस तुलसी और फुदो देवी नेताम को प्रत्याशी बनाया गया है. इस बीच सारे उठापटक के बीच भाजपा ने भी अपने प्रत्याशी दीपक प्रकाश को जीताने के लिए एड़ी चोटी एक कर दी है. भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और देश के गृह मंत्री अमित शाह ने आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सह विधायक सुदेश महतो से बातचीत की है. दो विधायकों का समर्थन लेने के लिए आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष को नयी दिल्ली बुलाया गया है, जहां खुद अमित शाह बातचीत करेंगे, जिसके बाद सुदेश महतो अपना पत्ता खोलेंगे.












