
सरायकेला : केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा शनिवार को रांची जिला के सोनाहातु प्रखंड के चोकाहातु गांव पहुंचे. जहां ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया. मौके पर रांची सांसद संजय सेठ एवं सिल्ली विधायक सह आजसू सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो भी मौजूद रहे. तीनों ने संयुक्त रूप से आदिवासी रीति-रिवाज से चोकाहातु गांव में दस करोड़ की लागत से बनने वाले ऐतिहासिक मेगालिथ साइट का संरक्षण एवं विकास कार्य का शिलान्यास किया. बता दे कि चोकाहातु का यह स्थल लगभग 2500 साल पुराना मुंडाओं का हड़गड़ी (ससनदिरी) स्थल है. चोकाहातु के मेगालिथ साइट पर रिसर्च करने वाले रिसर्चर शुभाशीष दास के अनुसार, जिनके नाम पर रांची में पीपी कंपाउंड है, उन्होंने इस मेगालिथिक साइट को सबसे पहले देखा और इटी डाल्टन को इसकी जानकारी दी थी. कर्नल इटी डाल्टन ने इस मेगालिथिक साइट पर एशियाटिक सोसायटी ऑफ बंगाल में एक लेख लिखा था. वर्ष 1873 में लिखे गए इस लेख में चोकाहातु मेगालिथिक साइट का क्षेत्रफल उन्होंने करीब सात एकड़ में फैला बताया था. वहीं, इसमें 7300 पत्थर गड़े हुए बताए थे. झारखंड में इतने विस्तृत क्षेत्र में मेगालिथिक साइट कहीं नहीं है. यहां जो विशाल पत्थर रखे गए हैं वो अधिकांश लाइम स्टोन और ग्रेनाइट के हैं. वैसे शुक्रवार को ही आजसू सुप्रीमो ने विधायक सरयू राय के साथ मिलकर एक झारखंड लोकतांत्रिक मोर्चा का गठन किया है. मोर्चा के गठन के दूसरे दिन ही एक मंच पर अर्जुन मुंडा और सुदेश महतो का मौजूद होना चर्चा का विषय बना हुआ है.





