रांची : राज्य सभा चुनाव में कांग्रेस व झामुमो का संयुक्त प्रत्याशी कौन होगा? प्रत्याशी कांग्रेस से होगा या झामुमो से? इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है. इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है. भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी के रूप में आदित्य साहू के नाम की घोषणा कर दी है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने इसकी पुष्टि की है. आदित्य साहू भाजपा के प्रदेश महामंत्री हैं. भाजपा के प्रत्याशी के नाम पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत कई नामों की चर्चा थी. लेकिन माना जा रहा है कि विधायक सरयू राय सरीखे नेताओं के समर्थन समेत कई बिंदुओं पर विचार-विमर्श करते हुए भाजपा ने आदित्य साहू के नाम पर मुहर लगायी है. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी ओर बताया जाता है कि पिछले शनिवार को सोनिया गांधी से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुलाकात के बाद बात बनी गयी है. लेकिन अभी तक प्रत्याशी की घोषणा नहीं हुई है. इस बीच सूत्रों के हवाले के खबर आ रही है कि कांग्रेस-झामुमो गठबंधन के प्रत्याशी गुलाम नबी आजाद हो सकते हैं. ग़ुलाम नबी आजाद वर्तमान में राज्य सभा में विपक्ष के नेता हैं. वे वाशिम, महाराष्ट्र से सातवीं और आठवीं लोक सभा के सदस्य रहे हैं. उन्हें 15वीं लोकसभा के मंत्रिमंडल में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण में मंत्री बनाया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी ओर सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सोनिया गांधी से राज्य सभा चुनाव में प्रत्याशी के मसले पर बात हुई है. उन्होंने इस पर पूरा समय दिया. श्री सोरेन ने कहा कि चुनाव में गठबंधन का प्रत्याशी होगी. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के लिए संदेश दिया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार की रांची लौट आये हैं. वह शिबू सोरेन को सोनिया गांधी के संदेश से अवगत करायेंगे. उसके बाद राज्य सभा चुनाव में कांग्रेस-झामुमो गठबंधन के प्रत्याशी की घोषणा होगी. इस सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में राज्य सभा चुनाव में कांग्रेस या झामुमो कौन किसे सहयोग करेगा, यह प्रत्याशी की घोषणा के बाद स्पष्ट हो जायेगा.





