
जमशेदपुर : कपाली के चांदनी चौक पर खड़गपुर से अपने मौसी के यहां घूमने आई एक युवती जीनत ने फांसी लगाकर रविवार को आत्महत्या कर ली है। उसने पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाई। घरवालों का कहना है कि वह एक कमरे में गई और वहीं फांसी लगा ली। जब थोड़ी देर बाद लोग कमरे में गए तो देखा जीनत का शव पंखे से लटक रहा था। घटना की जानकारी मिलने पर कपाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। चांदनी चौक के रहने वाले सिकंदर आजम ने बताया कि जीनत के पिता का नाम लुकमान है। जीनत अपनी मां के साथ शनिवार को कपाली आई थी। उसने खुदकुशी क्यों की इसका पता अभी नहीं चल पाया है। सिकंदर आजम का कहना है कि जीनत का माइंड थोड़ा डिस्टर्ब था। जीनत की शादी नहीं हुई थी। उसकी उम्र 19 साल के आसपास बताई जा रही है।



