
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में जुस्को द्वारा पाईप लाईन बिछाने का काम किया जा रहा है. शुक्रवार को नपं क्षेत्र में हो रही सरकारी राशि का दुरुपयोग की न्यूज प्रकाशित होने के बाद शनिवार को नपं पदाधिकारी और जन प्रतिनिधि हरकत में आये. शनिवार को नपं कार्यालय के सभागार में नपं पदाधिकारी, जन प्रतिनिधि और जुस्को से संबंधित पदाधिकारियों की एक बैठक नपं उपाध्यक्ष सुमित लोधा की अध्यक्षता में हुई. बैठक में जनप्रतिनिधियों ने जुस्को के प्रोजेक्ट मैनेजर अनिल शर्मा को फटकार लगाई. जन प्रतिनिधियों ने कहा कि कम्पनी अपना कार्यकाल पूरा होने के बावजूद आज तक नपं क्षेत्र में पाइप लाईन बिछाने का काम नहीं कर पाई है. कम्पनी के कार्यशैली के कारण नपं के जन प्रतिनिधियों को जनता का आक्रोश झेलना पड़ रहा है. पाईप लाईन बिछाने के नाम पर नपं क्षेत्र में निर्मित सड़क को तोड़कर पाईप लाईन बिछाने का काम किया गया. नपं द्वारा दोबारा सड़क बनाने के बाद फिर कम्पनी द्वारा फिरोल बदलने के लिए सड़क तोड़ने की बात आ रही है, ऐसा नही होने दिया जाएगा. जन प्रतिनिधियों ने कहा कि कम्पनी सड़क किनारे किये गये गड्डा का फिलिंग करे और लोगों को कनेक्शन दे. बैठक को संबोधित करते हुए नपं के कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद ओझा ने कहा कि जोन 1 और 2 में कम्पनी पीसीसी सड़क का निर्माण करे. कहा कि जहां दोबारा सड़क बन गई है वहां नपं द्वारा सड़क तोड़कर फिरोल बदलने का आदेश नहीं दिया जाएगा. श्री ओझा ने कहा कि जहां नपं द्वारा सड़क निर्माण कार्य रोका गया है, वहां 2-4 दिनों के अंदर कम्पनी फिरोल बदलने का काम कर ले. बैठक में कम्पनी को कहा गया कि जल्द से जल्द नपं क्षेत्र में पाइप लाईन बिछाने का काम कर ले. बैठक में पार्षद मो गुलाब, असगर हुसेन, देवानंद सिंह, शंभु नाथ दास, मलय रूहीदास समेत अन्य उपस्थित थे.








