
चाईबासा : जिले के बंदगांव थाना अंतर्गत सिंको पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों के होने की सूचना पर चाईबासा पुलिस ने शनिवार को एन्टी नक्सल ऑपेरशन चलाया। अभियान के दौरान दोपहर में बंदगांव थाना अंतर्गत सिंको के पहाड़ी क्षेत्र में चाईबासा जिला पुलिस एवं सीआरपीएफ 60 बटालियन (हेसाडीह कंपनी) की संयुक्त टीम की प्रतिबंधित नक्सल संगठन पीएलएफआई के दस्ते के साथ मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलाई गई। इस मुठभेड़ एवं सर्च ऑपरेशन के दौरान 9 एमएम का पिस्टल, एक सिंगल बैरल गन, कई राउंड गोलियां तथा दैनिक उपभोग के सामान जैसे पिट्ठू, दरी इत्यादि बरामद हुए। साथ ही एक नक्सली की गिरफ्तारी भी की गई है। पूरे क्षेत्र में सघन सर्च अभियान जारी है। इस पूरे अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) चाईबासा प्रणव आनंद झा, सहायक पुलिस अधीक्षक चक्रधरपुर नाथू सिंह मीणा एवं 60 बटालियन सीआरपीएफ के 2IC राजू शामिल थे। सम्पूर्ण अभियान की मॉनेटरिंग पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत माहथा चाईबासा एवं कमांडेंट 60 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही है।







