
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड में स्वच्छता की पोल खुल गई है. प्रशासन द्वारा खुले में शौच मुक्त गांव का बोर्ड लगा कर रांगामाटिया को खुले मे शौच मुक्त गांव घोषित कर दिया गया है, परंतु वास्तविकता कुछ और ही है. स्वच्छता अभियान की दुर्दशा देखनी है तो प्रखंड के भातकुंडा पंचायत के रांगामाटिया गांव पहुंचे. यहां स्वच्छता की पोल खुलती दिखेगी. रांगामाटिया गांव में 25 परिवार निवास करते हैं. प्रशासन द्वारा आनन-फानन में सभी परिवार के लिए स्वच्छता अभियान के तहत शौचालय का निर्माण कराया गया है, परंतु पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण गांव में निर्मित शौचालय ग्रामीणों के लिए दर्शन की वस्तु बनकर रह गये हैं. इस संबंध में ग्राम प्रधान छोटू महतो ने बताया कि गांव में सभी परिवार के लिए विभाग द्वारा शौचालय का निर्माण कराया गया है, परंतु पानी की कमी के कारण आज भी गांव के लोग शौचालय में न जाकर खुले में शौच करने जाते हैं. प्रशासन द्वारा लगाया गया खुले में शौच मुक्त गांव का बोर्ड सिर्फ एक दिखावा है. पानी की कमी के कारण ग्रामीण शौचालय का प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं और ग्रामीण आज भी खुले में शौच करने को विवश हैं. इस दौरान गांव के दीपक महतो, गोपाल महतो, भूषण महतो, कमल महतो, कार्तिक कर्मकार, सुजेन कर्मकार, सुरेन नायक समेत अन्य उपस्थित थे.






