
जमशेदपुर : हाल ही में संपन्न हुए झारखंड विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को मिले प्रचंड जीत के बाद गुटों में बंटे कांग्रेसी कार्यकर्ता एक मंच पर नजर आए. जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस भवन तिलक पुस्तकालय में जमशेदपुर पश्चिम के कांग्रेसी विधायक बन्ना गुप्ता का पहली बार स्वागत औऱ सम्मान समारोह आयोजित किया गया. जहां धूर विरोधी रहे जिलाध्यक्ष विजय खां सहित तमाम कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. वैसे चुनाव जीतने के बाद लगातार बन्ना गुप्ता का सम्मान जमशेदपुर पश्चिम में किया जा रहा है. वहीं कांग्रेसियों द्वारा सम्मान समारोह नही किए जाने पर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ था. ऐसे में आज कांग्रेस भवन में कांग्रेसियों द्वार सम्मानित किए जाने पर सारे कयासों पर विराम लग गई है. इस दौरान विधायक बन्ना गुप्ता ने पूर्व की सरकार को जमकर खरी- खोटी सुनाई. साथ ही वर्तमान हेमंत सरकार का पूरा साथ देने और कांग्रेस के मिनेफेस्टो के आधार पर सरकार के साथ समन्वय बनाकर चलने की बात कही. उन्होने समाज के अंतिम पायदान पर बैठे लोगों तक विकास योजनाओ को पहुंचाने का भरोसा दिलाया.






