
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से 578वां नेत्र शिविर जाने माने समाजसेवी व रेड क्रॉस के पेट्रन रहे स्व शशि भाई आडेसरा के पुण्य स्मृति में 1 फरवरी से 3 फरवरी तक बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में कस्तूर बेन छगनलाल चैरिटेबल ट्रस्ट के संयोजन में आयोजित किया जायेगा. नेत्र ज्योति यज्ञ के साथ ही एक रक्तदान शिविर का आयोजन 8 फरवरी को रेड क्रॉस भवन, साकची में स्व शशि भाई आडेसरा की पुण्य स्मृति में आयोजित किया जायेगा. इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक वर्ष कस्तूर बेन छगनलाल चैरिटेबल ट्रस्ट के संयोजन में फरवरी माह का पहला नेत्र शिविर एवं रक्तदान शिविर का आयोजन रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभुम एवं उसकी सहयोगी संस्थाओं को सहयोग से किया जाता है. जो कि इस वर्ष भी जारी रहेगा. उन्होने आग्रह किया है कि जहां नेत्र शिविर में जरूरतमंद नेत्र रोगियों को भेजने में सामाजिक कार्यकर्ता व समाजसेवी सहयोगी बनें वहीं जरूरतमंद लोगों के लिए रक्तदान करने हेतु युवा व रक्तदाता आगे बढ़कर रेड क्रॉस भवन साकची में 8 फरवरी को शामिल हो ताकि हर जरूरतमंद को समय से रक्त मिल सके और उनका जीवन बच सके.







