
जमशेदपुर : कोरोना वायरस के खौफ के बीच जमशेदपुर में भारतीय विपणन विकास केन्द्र (सीबीएमडी) द्वारा 15 मार्च से 22 मार्च तक बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में स्वदेशी मेला लगने वाला है. इस स्वदेशी मेला के प्रचार वाहन (स्वदेशी रथ) को भाजपा नेता शैलेन्द्र सिंह, मेला संयोजक अशोक गोयल, स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य मनोज कुमार सिंह, स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक अमित कुमार मिश्र ने बिष्टुपुर कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस अवसर पर शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि सीबीएमडी और स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह स्वदेशी मेला लोगों में स्वदेशी के प्रति समर्पण के लिए एक अच्छा माध्यम है. इससे घरेलू अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और हस्तकारीगर, छोटे गृह उद्योगों, स्वदेशी उत्पादों को एक अच्छा और सशक्त बाजार उपलब्ध होगा. मेला संयोजक अशोक गोयल ने बताया कि यह स्वदेशी प्रचार रथ आज से लेकर मेला तक जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण करेगा और स्वदेशी मेला के बारे में लोगों के बीच बतायेगा. इस प्रचार वाहन में पत्रक भी रहेंगे जिसमें स्वदेशी विदेशी वस्तुओं कि सूची और मेले से संबंधित जानकारी रहेगी. इस अवसर पर विशेष रूप से राजकुमार साह, अभिषेक बजाज, देवनाथ लोहार, संतोष साहू, सुजय कुमार, मुकेश कुमार, घनश्याम दास, देव कुमार, देवी प्रसाद देवहरी इत्यादि विशेष रूप से उपस्थित थे.













