
जमशेदपुर : देश के कई हिस्सों में कोरोना वायरस का प्रकोप देखने को मिल रहा है. नोवल कोरोना वायरस यानी कोविड-19 के रुप में जाना जाने वाला यह बीमारी को लेकर टाटा स्टील ने एहतियाती कदम उठाये है. इसके तहत टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन के प्रिंसिपल एक्जीक्यूटिव ऑफिसर (पीइओ) चैतन्य भानु ने एक सरकुलर सारे अधिकारियों के लिए जारी किया है. उन्होंने अपने सरकुलर में कहा गया है कि भारत के कई प्रदेशों में कोरोना वायरस का असर देखने को मिल रहा है. इसमें कुछ केस कंफर्म हो चुके है जबकि कुछ केस विचाराधीन है, जिसको देखते हुए टाटा स्टील ने फैसला लिया है कि सारे बिजनेस ट्रैवल यानी सारी व्यापारिक यात्रा को तत्काल प्रभाव से रोक दिया जाये.

यह रोक तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है. अगले आदेश तक किसी को भी बिजनेस की जरूरतों के हिसाब से हवाई जहाज, ट्रेन या सड़क मार्ग से यात्रा नहीं करने की हिदायत दी गयी है. अगर किसी तरह का कोई आपात स्थिति है या जाना जरूरी है, तो इसके लिए अधिकारियों को इजाजत आइएल-1 स्तर के अधिकारी या पीइओ से लेना होगा. इसके अलावा विदेशों के दौरे को पहले ही रोक दिया गया है. विदेश यात्रा करने पर भी रोक लगा दी गयी है.




