
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो के कई इलाके में पानी की आपूर्ति ठप हो चुकी है. इसको लेकर गुस्साई महिलाओं ने भाजपा नेता विकास सिंह के नेतृत्व में पानी नहीं देने और फिर ऊपर से बहस करने वाले पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचइडी) के कर्मचारी की चप्पलों से पिटाई कर दी. इस पिटाई के बाद सारे कर्मचारी वहां से भाग खड़े हुए.
मानगो के दाइगुट्टू, दीपासाई, कपाली समेत कई इलाके में पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है. वैसे राजनीतिक तौर पर पहुंच वाले लोगों को पानी की आपूर्ति की जा रही है. इसको लेकर लोगों में काफी गुस्सा है. पीएचइडी कर्मचारियों को कई बार फोन किया गया, लेकिन उन लोगों ने जानकारी दी कि पाइपलाइन फट गया है, जिस कारण पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रहा है.

पाइप फटने की घटना अभी मानगो के चेपा पुल के पास हुआ है, जहां अंडरग्राउंड केबलिंग का काम चल रहा है. इस तरह के काम से अक्सर पाइपलाइन फट रहा है, जिससे किसी न किसी इलाके में पानी की आपूर्ति बाधित है.
बुधवार को भाजपा नेता विकास सिंह के नेतृत्व में महिला और मानगो के लोगों का एक दल मानगो पायल टॉकीज और मानगो थाना के बीच यानी थाना से करीब सौ मीटर की दूरी पर स्थित एसडीओ कार्यालय पहुंचे. वहां एसडीओ नदारद थे. वहां मौजूद लाइनमैन वकील सिंह थे जबकि अन्य कर्मचारी भी थे.
महिलाओं और पुरुषों के साथ भाजपा नेता विकास सिंह अंदर चले गये. सारे लोगों के हाथों में डेकची, पानी का पतीला से लेकर हर कुछ था. वे लोग पानी नहीं देने के कारण कर्मचारियों पर अपना गुस्सा उतार रहे थे.

इस दौरान किसी कर्मचारी ने महिलाओं को कहा कि वे लोग पानी देने में असमर्थ है. इस पर महिलाओं ने कहा कि अगर असमर्थ है तो फिर कार्यालय क्यों पानी का चला रहे है. पानी नहीं दे सकते है तो पानी देने के नाम पर वेतन क्यों मिल सकता है. इसके बाद हंगामा बढ़ गया. कर्मचारी के साथ तूतू-मैमै होने लगा, जिसके बाद गुस्साई महिलाओं ने चप्पलों से कर्मचारियों की पिटाई कर दी. इसके बाद अफरा-तफरी मच गयी. किसी तरह कर्मचारी वहां से भाग निकले.
भाजपा नेता विकास सिंह ने आक्रोशित लोगों को समझाया और चेतावनी दी कि यह आंदोलन अभी झांकी है, लड़ाई पानी को लेकर लंबी होगी और यह आंदोलन अभी और तेज हो जायेगा. इसकी जवाबदेही झारखंड सरकार की होगी. इस आंदोलन में मुख्य रुप से विकास सिंह के अलावा राजेश साव, कंहैया ओझा, अमरेंद्र पासवान, विजय ओझा, संतोष चौहान, राकेश लोधी, संजय सिंह, मुकेश शर्मा, मीना शर्मा, सुनीता सिंह समेत अन्य महिलाएं शामिल थी.














