
जमशेदपुर : जमशेदपुर के भुईयाडीह इलाके से एक वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है, जिसमें एक मकान के समीप प्राचीन पीपल के पेड़ से बूंद- बूंद पानी पिछले 24 घंटों से लगातार टपकने का दावा किया जा रहा है. अब इसे आस्था कहें या अंधविश्वास लोग पीपल के पेड़ के समीप जुट रहे हैं. और इसे दैविक शक्ति मान रहे हैं. पानी काफी शुद्ध और कंचन प्रतीत हो रहा है. हालांकि स्थानीय लोगों का मानना है कि इस पीपल के पेड़ में ब्रह्म वास करते हैं और यही कारण है की पेड़ से पिछले 24 घंटों से पानी के रूप में अमृत टपक रहा है.
अब तक स्थानीय लोगों ने सैकड़ों गैलन पानी स्टोर कर रखा है. वैसे स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं भी जोर पकड़ने लगी है. कुछ लोग इसे अंधविश्वास मान रहे हैं तो कुछ लोग दैविक शक्ति. हकीकत क्या है अभी इसका पता लगाया जा रहा है. वैसे संभावना यह जताई जा रही है कि जैसे- जैसे लोगों को इस दैविक शक्ति के विषय में पता लगेगा यहां भीड़ बढ़ेगी ऐसे में जिला प्रशासन को इसे गंभीरता से लेने की जरूरत है. क्योंकि पूरा विश्व कोरोना के संक्रमण से ग्रसित है. ईरान में अंधविश्वास के कारण हजारों लोगों की जान जा चुकी है. जहां अंधविश्वास में एक धार्मिक स्थल के कपाट को चूमने के कारण हजारों लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी. वहीं कहीं अगर अंधविश्वास के चक्कर में यहां के लोग इसे कोरोना का दवा समझकर पीने लगे तो खतरा बढ़ सकता है.







