
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई कोरोना वायरस को लेकर की है. जमशेदपुर के एसडीओ चंदन कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन से सटे बर्मामाइंस स्टार टॉकीज के बगल में एक नकली सैनिटाइजर, हैंडवाश और फेनाइल बनाने वाली कंपनी का भंडाफोड़ किया है.
बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में श्री इंटरप्राइजेज नामक यह कंपनी चल रही थी, जिसको किसी तरह का कोई लाइसेंस प्राप्त नहीं है और ना ही वे लोग ऐसा कोई केमिकल का इस्तेमाल कर रहे थे, जिससे किसी तरह का बैकटेरिया या अन्य कीड़े मर सके. इस दौरान एसडीओ ने जांच की तो पाया कि वहां लाखों के माल तैयार है और इसकी सप्लाइ की जा रही थी. पूरे जमशेदपुर ही नहीं बल्कि पूरे कोल्हान में इसकी आपूर्ति की जा रही है.
इसकी पूरी जानकारी मिली है. इसके मालिक मनीष सिंह है, जिससे पूछताछ की जा रही है. बताया जाता है कि किसी तरह का कोई लाइसेंस ही इस कंपनी को प्राप्त नहीं है. सिर्फ साबुन और कुछेक द्रव्य मिलाकर उसकी पैकेजिंग की जा रही थी और सभी दुकानों में इसकी सप्लाइ की जा रही थी. कोरोना वायरस को लेकर चूंकि लोगों में दहशत है और इस तरह के केमिकल या डेटोल का काफी डिमांड हो रहा है, इस कारण इसको ताबड़तोड़ तरीके से तैयार किया जा रहा था. इस तरह के प्रोडक्ट किसी कीड़े या बैकटेरिया या वायरस को मारने के लिए नहीं है. लोगों को सिर्फ बेवकूफ बनाया जा रहा था.

कई वर्षों से चल रहा यह धंधा, लोगों की जान से हो रहा खिलवाड़
जमशेदपुर में इस तरह का कारोबार बर्मामाइंस स्टार टॉकीज के सामने काफी दिनों से चल रहा है. पुलिस की मिलीभगत से यहां यह कारोबार चल रहा है. लोगों की जान के साथ खिलवाड़ यहां किया जा रहा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी थी. कोरोना वायरस के बाद इस तरह के काला धंधा करने वालों की चांदी हो गयी थी, जिस कारण ये लोग बाजार में इस तरह के डुप्लीकेट सामानों को बेच रहे है.

ऐसे डुप्लीकेट सैनिटाइजर, फेेनाइल या हैंडवाश से रहे सावधान
बाजार में इन दिनों इस तरह के डुप्लीकेट सैनिटाइजर, फेनाइल और हैंडवाश काफी सप्लाइ हो चुकी है. आइएसआइ मार्क की जांच करने के बाद ही ऐसे सामान लिये जाने चाहिए. ऐसे तरल पदार्थों का उद्देश्य हाथ और घर की सफाइ करना है जबकि यह घर को और संक्रमित कर देता है. इससे लोगों को नुकसान ही होता है.

जमशेदपुर के प्रशासन ने बनायी टास्क फोर्स, कालाबाजारी रोकेगी टीम
जमशेदपुर के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने लोगों की सूचनाओं के बाद एसडीओ के नेतृत्व में एक टीम ही बना दी है. इस तरह के अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई यह टीम करेगी. कई जगह यह भी शिकायत मिली है कि बड़े पैमाने पर ब्लैक मार्केटिंग भी फेनाइल, हैंडवाश और सैनिटाइजर के साथ मास्क का किया जा रहा है, जिसको रोकने के लिए भी यह टीम काम करेगी.






