
जमशेदपुर : लॉकडाउन के दौरान सड़कों पर चिलचिलाती धूप में ड्यूटी करने वाले जमशेदपुर पुलिस के जवानों और अधिकारियों को बड़ी राहत मिली है. जमशेदपुर की पुलिस रात दिन लॉकडाउन को लागू कराने के लिए परेशान रह रहे है. लेकिन धूप में उनको काफी दिक्कतें हो रही थी. इसको देखते हुए जमशेदपुर डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन की ओर से पुलिसवालों के बीच छाता का वितरण किया गया. जमशेदपुर के एसएसपी अनूप बिरथरे द्वारा संकेतात्मक तौर पर साकची गोलचक्कर पर पुलिसवालों को एसोसिएशन के लोगों के साथ मिलकर छाता का वितरण किया गया. जमशेदपुर के सभी चौराहों में तैनात पुलिसकर्मी को छाता प्रदान किया जाएगा.
जमशेदपुर एसएसपी अनूप बिरथरे ने इस दौरान मीडिया से बातचीत भी की और साफ तौर पर कहा कि पुलिसवाले लॉकडाउन का अनुपालन कराने के लिए मेहनत कर रहे है. ऐसे में लॉकडाउन या किसी तरह का भी नियमों का उल्लंघन करने वालों को नहीं बख्शा जायेगा. इस दौरान एसएसपी ने जमशेदपुर डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के इस नेक पहल की सराहना की और सभी से अपील की कि सोशल डिस्टेंशिंग का पालन अवश्य करें. कार्यक्रम में एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक सुरेश सोंथालिया, गितेश वार्ष्णेय, दिलीप गोयल, निलेश वोरा, सैयद परवेज, कमलेश, प्रदेश महामंत्री कृष्णा अग्रवाल और सिंहभूम चेंबर के दिलीप गोलछा समेत अन्य लोग उपस्थित थे.







