
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा जिला के उपायुक्त सह अध्यक्ष रवि शंकर शुक्ला के निर्देशन में कोरोना वायरस संक्रमण रोकने के लिए लागू लॉक डाउन पीरियड में जरुरतमंदों तक जीवनोपयोगी सामान को पहुंचाने का कार्य लगातार 20वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान जिला सूचना केन्द्र में आम लोगों द्वारा दिये गये संदेश व जरूरी सामान के लिए उनकी पुकार को सुनते हुए रेड क्रॉस की टीम ने सक्रियता से कार्य किया तथा हर संभव प्रयास से जरुरतमंदों तक सामान पहुंचाया गया। ज्ञातब्य हो कि रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा अब तक 3500 साप्ताहिक खाद्य सामग्रियों के पैकेट को जरुरतमंदों के बीच प्रदान किया जा चुका है। साथ ही रेड क्रॉस भवन, साकची में सैनीटाईजर निर्माण हेतु जिला के वरीय पदाधिकारियों के देखरेख में एनआईटी के विशेषज्ञ टीम द्वारा रेड क्रॉस कार्यकर्ताओं की मदद से पैकेजिंग का कार्य कर इस कठिन परिस्थिति में सैनीटाईजर की कमी को दूर किया जा चुका है, वहीं रेड क्रॉस सोसाईटी द्वारा जमशेदपुर में रक्त की कमी पर लगातार ध्यान देते हुए प्रत्येक दिन 50 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य निर्धारित कर हर जरूरतमंद को समय पर रक्त उपलब्ध करवाने में तत्पर है। रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह के देखरेख में चल रहे सारे कार्यों को रेड क्रॉस अपने पेट्रन, समाजसेवियों एवं सहयोगी कारपोरेट संस्थाओं की मदद से पूरा कर पा रहा है।








