
सरायकेला : कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम के लिए जहां सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन जरूरी है. वहीं अब जिला प्रशासन द्वारा जनसाधरण के लिए मास्क पहनना भी आवश्यक कर दिया गया है. इसी क्रम में सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन द्वारा विभागीय स्तर पर पर मास्क उपलब्ध कराया जा रहा है. बुधवार को झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के सदस्य कुलवंत सिंह बंटी एवं विभूति कुमार द्वारा केवीआइसी अध्यक्ष विनय कुमार सक्सेना के दिशा-निर्देश एवं खादी बोर्ड द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त एवं रेडीमेड गारमेंट की सिलाई कर रही महिलाओं द्वारा अपने घरों में ही बनाए गए खादी वस्त्र से बने 500 फेस मास्क सरायकेला-खरसावां जिला उपायुक्त ए दोड्डे को सौंपा गया. बोर्ड के सदस्य कुलवंत सिंह बंटी ने उपायुक्त को आश्वस्त किए कि आने वाले दिनों में इसी तरह खादी बोर्ड द्वारा और मास्क भी उपलब्ध कराए जाएंगे जिससे करोना संक्रमण से बचाव के लिए इन मास्क का उपयोग जनहित में किया जा सके. ज्ञात हो कि 14 अप्रैल को विशेष बैठक में सरायकेला-खरसावां जिला उपायुक्त द्वारा स्वास्थ्य विभाग को जिले में सभी पंचायत स्तर पर सखी मंडल दीदी, सहिया एवं सहायिका को 50-50 फेस मास्क व सैनिटाइजर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. यह फेस मास्क गांव में वितरण किया जाएगा. खादी बोर्ड द्वारा इससे पहले 14 अप्रैल को जमशेदपुर के उपायुक्त रविशंकर शुक्ल को भी फेस मास्क दिया गया था ताकि जरूरतमंदों के बीच इसका वितरण किया जा सके.







