
संतोष वर्मा
चाईबासा : झारखंड राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशन में कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण को रोकने के लिए अधिसूचित संपूर्ण तालाबंदी के दौरान राज्य वासियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए झारखंड एनआईसी के द्वारा “झारखंड बाजार” मोबाइल एप विकसित किया गया है। इस एप की मदद से जिले के गणमान्य नागरिक अपने-अपने क्षेत्र के नजदीकी दुकानों से घर बैठे सामानों की आपूर्ति करवा सकते हैं। इस एप्लीकेशन के सहयोग से शहरी क्षेत्रों में सभी खुदरा व्यापारियों यथा फल, सब्जी, किराना सामान, दूध, दवा आदि दुकानदार तथा ग्राहकों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया है। ग्राहक सोशल डिस्टेंसिंग नियमों का पालन करते हुए उक्त सामान को प्राप्त कर सकेंगे। यह जानकारी पश्चिमी सिंहभूम जिला के उपायुक्त अरवा राजकमल ने दी.
उपायुक्त ने बताया है कि इस एप्लिकेशन का उपयोग क्रेता और विक्रेता दोनों कर सकेंगे। इसके लिए आपको एप इंस्टॉल करने के बाद मांगी गई पूरी जानकारी को अंकित करना होगा तथा उसके बाद लॉग-इन कर अपनी जरूरत के सामानों की खरीददारी या दुकानदार अपने पास उपलब्ध सामग्री की बिक्री कर सकेंगे। एप्लीकेशन में दुकानदार अपनी पूरी जानकारी के साथ अपना निबंधन करेंगे और इसकी जानकारी उस क्षेत्र के 02 किलोमीटर के अंतर्गत निबंधित सभी क्रेताओं को उपलब्ध होगी। इस एप्लीकेशन की मदद से सामग्री को होम डिलीवरी करने हेतु दुकानदार स्वयं अपने दो डिलीवरी बॉय के लिए उसी दिन सुबह 6:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक तथा ग्राहक के लिए 2 घंटे की अवधि तक एम-पास (M-Pass) प्राप्त कर सकते हैं।
एप्लीकेशन के संबंध में उपायुक्त के द्वारा जानकारी दी गयी है कि 01 व्यक्ति 01 दिन में अधिकतम 2 घंटे के लिए पास प्राप्त कर सकते हैं, जिसका रंग (नारंगी) ऑरेंज होगा और इसी अवधि में पास धारक दुकान में जाकर आवश्यक सामग्री की खरीदारी कर सकते हैं तथा समय से अधिक होने के उपरांत पास का रंग बदल कर लाल (रेड) हो जाएगा और वह अमान्य होगा।
उपायुक्त ने जिले के सभी गणमान्य नागरिकों से अपील की है कि प्रशासन का सहयोग करते हुए इस एप्लीकेशन का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें ताकि लॉक डाउन के दौरान एम-पास देखकर पुलिस प्रशासन आम जनों को सुविधा उपलब्ध करा सके तथा बेवजह बाहर घूम रहे लोगों पर कार्रवाई सुनिश्चित कर सके।














