
चाईबासा / चक्रधरपुर : बीते एक मई की रात 11:00 बजे सिकंदराबाद से रेल के द्वारा रांची के हटिया स्टेशन पहुंचे जिले के सभी 29 श्रमिकों का जिला प्रशासन के द्वारा चाईबासा शहर स्थित आईटीआई मैदान में वेलकम किया गया. सभी मजदूरों की स्वास्थ्य जांच कर उनके संबंधित गृह प्रखंड मुख्यालय में भेजा गया है, जहां से प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा उन श्रमिकों उनके गांव-घर तक होम क्वारंटाइन में रहने के निर्देश के साथ पहुंचाया जा रहा है. यह जानकारी जिले उपायुक्त अरवा राजकमल ने दी.
आने वाले सभी लोगों को रिसीव करने के लिए की गई है आवश्यक व्यवस्था
उपायुक्त अरवा राज कमल ने बताया कि संपूर्ण तालाबंदी के दौरान जिले/ राज्य से बाहर फंसे सभी श्रमिक/तीर्थयात्री/ पर्यटक के वापस जिला लौटने पर रिसीव करने के लिए आईटीआई मैदान में वाहन सेल का गठन किया गया है, जहां पर आने वाले सभी प्रकार के व्यक्तियों के आराम, खाने-पीने, स्वास्थ्य जांच के साथ उनके पंजीयन की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. जिला प्रशासन ऐसे सभी लोगों का जिला में वापस लौटने पर स्वागत करने के लिए तैयार है.
लौटने वाले सभी व्यक्तियों का तैयार किया जा रहा है डाटाबेस
उपायुक्त अरवा राजकमल के द्वारा जानकारी दी गई कि दूसरे राज्य/ जिला से इस जिले में वापस लौट रहे सभी प्रकार के व्यक्तियों का रिसीविंग सेंटर पर ही डेटाबेस तैयार किया जा रहा है. इसके लिए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी एजाज अनवर के नेतृत्व में तीन अन्य पदाधिकारियों को शामिल करते हुए निबंधन सेल को भी क्रियान्वित किया गया है. सेल के द्वारा आने वाले सभी व्यक्तियों का नाम, आधार कार्ड संख्या, संपर्क सूत्र, आने वाले स्थान का नाम, जाने वाले स्थान का नाम के साथ-साथ ट्रेंड/अनट्रेंड श्रमिक श्रेणी की जानकारी ली जा रही है. आईटीआई मैदान स्थित रिसीविंग सेंटर पर लौट रहे सभी श्रमिक बंधुओं का स्वागत करने के लिए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के नेतृत्व में कार्यपालक दंडाधिकारी गिरजानंदन किस्कू, गुलाम समदानी, नजारत प्रभारी रवि कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं जिला/पुलिस प्रशासन के कर्मी उपस्थित थे.







