
चक्रधरपुर : खरसावां विधायक दशरथ गागराई की अनुशंसा पर 293 प्रवासी मजदूरों के खातों में सहायता राशि हस्तांतरित करने का आदेश सरायकेला-खरसावां के उप विकास आयुक्त ने जारी किया है. उप विकास आयुक्त द्वारा जिले के एनडीसी को इन मजदूरों के खातों में जल्द से जल्द राशि हस्तांतरित करने का निर्देश जारी किया है. विधायक ने कुल 350 मजदूरों के लिए अनुशंसा भेजी थी, जिनमें से 52 मजदूरों के अकाउंट में त्रुटि निकली और पांच मजदूरों के खातों का सत्यापन होना अभी बाकी है. इस संबंध में विधायक ने बताया कि प्रवासी मजदूरों को राहत पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है. इसके अलावा 100 अन्य मजदूरों के लिए भी अनुशंसा पिछले दिनों की गई है. इन मजदूरों के खातों के सत्यापन का कार्य अभी चल रहा है. विधायक गागराई ने बताया कि उप विकास आयुक्त से इस संबंध में त्वरित कार्रवाई करने के लिए आग्रह किया गया है.







