
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत के सफाई कर्मी और चालक मानदेय भुगतान की मांग को लेकर पिछले मंगलवार (5 मई) से हड़ताल पर हैं. उनके हड़ताल पर चले जाने से नपं क्षेत्र में डोर टू डोर कचड़ा उठाव ठप है. रविवार को नपं के सफाई कर्मी और चालकों ने बताया कि उन्हें विगत दो माह से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है. वे सभी पायोनियर एमएसडब्ल्यूएम कम्पनी के अधीन काम करते हैं. कम्पनी के पदाधिकारी और नपं के जन प्रतिनिधियों से मिलकर कई बार मानदेय भुगतान करने की मांग की, परंतु किसी ने पहल नहीं की है. इस कारण सभी मजदूर हड़ताल पर चले गये हैं. मजदूरों ने कहा कि हर बार कम्पनी के पदाधिकारी ऐसा ही करते हैं. मानदेय समय पर नहीं देते हैं. जब मजदूर हड़ताल करते हैं तब उन्हें मानदेय दिया जाता है.
कम्पनी से नहीं मिलता है जूता और ग्लब्स
नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई का काम कर रहे मजदूरों ने बताया कि वे सभी रोजाना नालियों से कचड़ा उठाव करते हैं, परंतु सुरक्षा के दृष्टिकोण से कम्पनी के पदाधिकारी द्वारा उन्हें कभी भी जूता और ग्लब्स नहीं दिया गया है. वे सभी काफी कठिनाइयों को झेलते हुए अपना कार्य कर रहे हैं.
मजदूरों का नहीं बना स्वास्थ्य कार्ड और पीएफ नंबर
मजदूरों ने कहा कि वे सभी कई महीनों से कम्पनी के अंडर में काम कर रहे हैं, परंतु अब तक उनका स्वास्थ्य कार्ड नहीं बना है और न ही पीएफ नंबर मिला है. मजदूरों ने कहा कि पीएफ के रुपये कम्पनी द्वारा उनके मानदेय से काट लिये जाते हैं, परंतु अब तक उन्हें पीएफ नंबर नहीं दिया गया है.
10 वाहन मरम्मत के अभाव में पड़े हुए हैं
मजदूरों ने बताया कि कम्पनी द्वारा समय-समय पर वाहनों की मरम्मत नहीं करायी जाती है. इस कारण 10 वाहन खड़े हैं. 2 एरीस, 2 टेम्पो और 6 टोटो मरम्मत नहीं होने के कारण खड़े और उनके चालक बैठे हुए हैं.
मजदूरों को सोमवार को किया जाएगा मजदूरी का भुगतान : ब्रजेश सिंह
मजदूरों द्वारा मानदेय भुगतान को लेकर किए गए हड़ताल पर कम्पनी के डायरेक्टर ब्रजेश सिंह ने कहा कि सोमवार को सभी मजदूरों को मजदूरी का भुगतान किया जाएगा. उन्होनें दूरभाष पर जानकारी देते हुए कहा कि कुछ टोटो में तकनीकी खराबी के कारण वाहन खड़े हैं. मिस्त्री से बात हुई है, लॉकडाउन के बाद मरम्मत करायी जाएगी. उन्होंने कहा कि मजदूरों के बीच ग्लब्स का वितरण किया गया है, जल्द ही जूता उपलब्ध करायेंगे. इस दौरान हड़ताल पर चालक एनएस कार्तिक, अमर बारिक, चंदन माहतो, सपन महतो, श्रीकांत सरदार, सफाई कर्मी मगन बाल्मिकी, पवण बाल्मिकी, प्रेम बाल्मिकी, सलाई मांडी, सुकु मुर्मू, भीम सेन मांडी समेत अन्य मजदूर उपस्थित थे.















