
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित ब्लड बैंक में सामाजिक संस्था केसरी सेना की ओर से रविवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 70 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। लॉकडाउन के बीच ब्लड बैंक में संग्रहित रक्त के स्टॉक में कमी की चिंता करते हुए केसरी सेना से जुड़े युवाओं ने इस दिशा में प्रयास किया। एकदिवसीय स्वैक्षिक रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार और आजसू के जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा नेता सत्येंद्र शर्मा, पोटका के विधायक प्रतिनिधि नरेश लाल, कुशवाहा संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद कुशवाहा, राष्ट्रीय भोजपुरी मंच के कवलेश्वर पांडेय, ब्राह्मण युवा शक्ति संघ से अभिषेक ओझा और अरुण शुक्ला ने मौजूद रहकर युवा रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। शिविर को सफल बनाने में केसरी सेना के मुख्य संयोजक प्रवीण प्रसाद, डब्लू तिवारी, रंजन पांडेय, बिट्टू सिंह, सुधाकर दूबे, अमर तिवारी, नीरज शर्मा, पीयूष लाल समेत सभी सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।















