
रांची/जमशेदपुर : भारत सरकार ने भारतीय रेल को पटरी पर दौड़ाने की तैयारी कर ली है. इस कड़ी में 15 शहरों के लिए भारतीय रेल ने ट्रेनें शुरू कर दी है. सोमवार से ही बुकिंग शुरू होने जा रही है. 12 मई से राजधानी दिल्ली से कुछ ट्रेनों की शुरुआत की जा रही है, जिसमें टाटानगर रेलवे स्टेशन पर दो ट्रेनें ठहरेगी. भुवनेश्वर से नयी दिल्ली जाने वाली ट्रेन का ठहराव 13 मई को होगी जबकि नयी दिल्ली से भुवनेश्वर जाने वाली ट्रेन का भी टाटानगर रेलवे स्टेशन पर 14 मई को ठहराव होगा. इसको लेकर तैयारी शुरू हो चुकी है. सभी के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है. ऑनलाइन ही टिकटों की बिक्री होगी. शाम चार बजे से लोग टिकटों की बुकिंग कर सकेंगे. स्टेशन से कोई टिकट नहीं मिलने वाला है. इसी तरह रांची स्टेशन के लिए भी एक ट्रेन का संचालन किया जा रहा है.

दो माह से बंद ट्रेन की सेवा को कई शर्तों के साथ शुरू की गयी है. भारतीय रेल पहले चरण में 15 ट्रेनों को चलाने जा रही है, जो राजधानी दिल्ली से ही चलेगी. लोग टिकटों की बुकिंग आइआरसीटीसी के वेबसाइट www.irctc.co.in के माध्यम से कर सकते है. वैसे यह भी कह दिया गया है कि जिनका कंफर्म टिकट होगा, उनको ही ट्रेनों से यात्रा करने की इजाजत होगी. कोई एजेंट के माध्यम से टिकट की बुकिंग नहीं की जा सकती है. रेलवे के अपने मोबाइल एप से भी टिकटों की बुकिंग की जा सकती है.

वैसे भारतीय रेल द्वारा नयी दिल्ली से भुवनेश्वर के अलावा हावड़ा, पटना, बिलासपुर, रांची, डिबरुगढ़, सिकंदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम, मड़गांव, मुंबई सेंट्रल, अहमदाबाद और जम्मू तवी से चलायेगी. रेलवे ने अधिकांश शहरों को जोड़ने की कोशिश की है. यात्रियों के लिए भी गाइडलाइन जारी किये गये है, जिसके तहत लोगों को मुंह ढंककर ही आना जाना होगा जबकि रेलवे स्टेशन पर स्क्रीनिंग कराया जा सकेगा. अगर किसी को फ्लू है तो उसको यात्रा नहीं करने की इजाजत नहीं दी जायेगी. जो ट्रेनें शुरू होगी, उसमें एसी कोच के साथ ही चलेगी. कुछ महंगा भी हो सकता है ताकि जरूरतमंद लोग ही यात्रा कर सके और सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन किया जा सके.















