
चक्रधरपुर : पेयजल स्वच्छता विभाग के मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के आदेश के साथ ही पेयजल स्वच्छता विभाग अपनी कार्रवाई में जुट गया है एवं कराईकेला जलापूर्ति योजना स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण करने पहुंची टीम में अधीक्षण अभियंता नवरंग सिंह, कार्यपालक अभियंता प्रभु दयाल मंडल, सहायक अभियंता डूंगडुंग के अलावा विभागीय मिस्त्री प्रेम ठाकुर शामिल थे। सर्वप्रथम कराईकेला में सब डिवीजनल स्टोर परिसर में अवस्थित जल मीनार एवं जलापूर्ति से संबंधित मामले की जानकारी ली, तत्पश्चात मोटर, सुलिस वाल्व का निरीक्षण किया। इस दौरान कई तरह की कमियां व खराबी अभियंताओं की टीम ने पाई।
इसके बाद अभियंताओं की टीम हाईस्कूल परिसर पहुंची जहां पर पंप लगा हुआ है। वहां पर भी पूरे स्थल का निरीक्षण किया। उसके बाद टीम चक्रधरपुर लौटी। चक्रधरपुर में पेयजल स्वच्छता विभाग कार्यालय में प्राक्कलन बनाने का कार्य शुरू हुआ। कार्यपालक अभियंता प्रभु दयाल मंडल के दिशा-निर्देश पर अभियंताओं की टीम ने प्राक्कलन बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। अब इतना तय है कि जल्द ही जलापूर्ति शुरू होगी। जल्दी योजनाओं की स्वीकृति के लिए फाइल विभागीय मंत्रालय जाएगी। उम्मीद जतायी जा रही है कि जल्द ही इस योजनाओं की स्वीकृति मिलेगी। पेयजल स्वच्छता विभाग कार्यालय में अधीक्षण अभियंता ने पत्रकारों को बताया कि विधायक सुखराम के द्वारा सुबह में ही जलापूर्ति योजना का निरीक्षण किया गया था। कराईकेला में विगत एक साल से अधिक जलापूर्ति नहीं हो रही थी। इसकी सूचना उन्होंने विभाग को दी और साथ ही मंत्री को भी जानकारी दी। मंत्री के दिशा-निर्देश पर अभियंताओं की टीम ने निरीक्षण किया और प्राक्कलन बनाने का काम जारी है जल्द ही प्राक्कलन तैयार हो जाएगा व स्वीकृति मिलते ही जलापूर्ति शुरू होगी। अधीक्षण अभियन्ता ने यह भी कहा कि लोगों को पानी के लिए दिक्कत नहीं होगी। विभाग पूरी तरह ध्यान देगा।
जल्द होगा कराईकेला जलपूर्ति का उद्धघाटन : मंडल : विभाग के कार्यपालक अभियंता इंजीनियर प्रभु दयाल मण्डल ने कहा कि जलापूर्ति से संबंधित सभी बिंदुओं की बारीकी से जांच की गई है। जलापूर्ति में किसी तरह की दिक्कत न हो इसका ध्यान रखा गया है। मंत्री के आदेश व विधायक की पहल पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। उम्मीद है जल्द से जल्द जलापूर्ति शुरू होगी और स्थानीय विधायक द्वारा जलापूर्ति का शुभारंभ किया जायेगा। चक्रधरपुर समेत पूरे क्षेत्र में गर्मी को देखते हुए जलापूर्ति सुचारू रूप से हो, लोगों को चापानल से पानी मिले, इस दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। इस कार्य में विधायक सुखराम का भी विभाग को काफी सहयोग मिल रहा है। निकट भविष्य में इसका लाभ दिखाई पड़ेगा आम जनता को। अभी तक लगभग 150 से अधिक चापानल बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि विधायक सुखराम उरांव के सहयोग से मरम्मत हो चुकी है, आगे भी यह कार्य जारी रहेगा।






