
चक्रधरपुर : ज़िले के पहले कोरोना पॉजिटिव मरीज (कोविड-19 समर्पित रेलवे अस्पताल) में दोबारा जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उसे मंगलवार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। उसे तालियों की गड़गड़ाहट के बीच गांव के लिए विदाई दी गई। इस दौरान जिले के डीसी, एसपी समेत मेडिकल टीम में शामिल चिकित्सक व कर्मचारी मौजूद थे। ज्ञात हो कि चक्रधरपुर के आइसोलेशन वार्ड से एक कोरोना पीड़ित व्यक्ति की दोबारा जांच के उपरांत रिपोर्ट नेगेटिव आने पर जिला उपायुक्त अरवा राजकमल, पुलिस अधीक्षक इन्द्रजीत महथा उपस्थिति में डिस्चार्ज किया गया। इस दौरान पुलिस इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार, बीडीओ आरएन सिंह समेत डॉ जी सोरेन, डॉ सोरेन समेत मेडिकल टीम के सदस्य उपस्थित थे। चक्रधरपुर कोविड-19 अस्पताल में पहली बार कोरोना पॉजिटिव मरीज के रूप में इस युवक को भर्ती किया गया था। उस दौरान चक्रधरपुर ही नहीं पूरे जिले में एक प्रकार से भय का माहौल और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ था। उस चर्चा और भय पर अब पूर्ण विराम लग चुका है। अब आहिस्ता-आहिस्ता सब मरीज ठीक होने के करीब में हैं। इसके पहले भी एक कोरोना पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुकी है। उपायुक्त की बातों पर गौर करें तो अब जल्द ही और ऐसे गुड न्यूज सामने आयेंगे और कई मरीज स्वस्थ होकर कोरोना को मात देकर शीघ्र ही अपने घर वापस लौटेंगे।






