
चाकुलिया : चाकुलिया थाना क्षेत्र के कमारीगोड़ा गांव में मंगलवार की शाम घर का छज्जा निकालने को लेकर दो पक्षों में विवाद होते-होते जमकर मार पीट हो गयी. कमारीगोड़ा निवासी सुखेन्दु दास व उसके पुत्र कृष्णेंदु दास ने गांव के ही गणेश दास और साहेब दास दोनों भाइयों को पीटकर बुरी तरह से जख्मी कर दिया. दोनों भाइयों ने थाना में सुखेन्दु दास और कृष्णेंदु दास के खिलाफ आवेदन देकर मारपीट कर सोने की चेन और 30 हजार रुपये नगद छीनने का मामला दर्ज कराया है. इस संबंध में साहेब दास ने बताया कि घर पर उसके भाई गणेश दास के साथ पड़ोसी सुखेन्दु दास और उसके पुत्र कृष्णेंदु दास किसी कारणवश झगड़ा कर भाई के साथ मारपीट कर रहे थे. सूचना पाकर वह एफसीआई से अपनी बाइक से घर लौट रहा था कि रास्ते में पिता-पुत्र ने उसपर भी हमला कर दिया. वह बाइक समेत नीचे गिर गयी, जिससे उसका दाहिना हाथ टूट गया. पिता पुत्र ने धारदार समान से वार कर उसे जख्मी कर दिया. पुलिस घटना के संबंध में पिता-पुत्र के खिलाफ सनहा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है. समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.






