
जमशेदपुर : जमशेदपुर में अब दुकानें रात के 9 बजे तक खुलेंगी. अब तक सुबह 7 बजे से लेकर शाम के 7 बजे तक सारी दुकानों को खोलने की इजाजत दी गयी थी, लेकिन अब इसमें नया बदलाव करते हुए सुबह 5 बजे से लेकर रात के 9 बजे तक दुकानों को खोलने की इजाजत दे दी गयी है. जमशेदपुर के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने इस संबंध में अपना आदेश जारी कर दिया, जिसके बाद अब साफ हो गयी है कि रात 9 बजे तक दुकानें खुल सकेंगी. जमशेदपुर के डीसी रविशंकर शुक्ला ने इसके साथ ही यह भी साफ कर दिया है कि रात 9 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा और इसका कड़ाई से अनुपालन कराया जायेगा. अगर इसमें किसी तरह की कोई लापरवाही बरती जायेगी तो ऐसे लोगों से सख्ती से निबटा जायेगा. रात 9 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक अगर कोई घुमता हुआ पाया गया तो ऐसे लोगों के खिलाफ एफआइआर भी दायर किया जा सकता है और उनको जेल भी जाना पड़ सकता है. इसको लेकर सख्ती बरतने के लिए जमशेदपुर पुलिस को आदेश दे दिया गया है. वहीं, कपड़ा, जूता, चप्पल समेत कई दुकानों को नहीं खोलने की इजाजत दी गयी है. ऐसी दुकानें अगर खुलती है तो स्थानीय पुलिस को इस संबंध में कार्रवाई करने का आदेश दिया गा है. ऐसी दुकानें, जिसकी इजाजत नहीं है, उसको सील भी किया जायेगा. दूसरी ओर, व्यापारी वर्ग के लोगों ने जूता, चप्पल और कपड़ों की भी दुकानों को खोलने के लिए इजाजत देने की मांग की गयी है. इन लोगों ने कहा कि वे लोग काफी परेशान है और कारोबार नहीं करने की इजाजत मिलने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में उनको कारोबार करने दिया जाये. लेकिन अब तक राज्य सरकार द्वारा ऐसी दुकानों को संचालित करने की इजाजत नहीं दी गयी है.







